अमेठी सिटी। कासगंज में महिला अधिवक्ता की हत्या को लेकर अधिवक्ताओं का विरोध प्रदर्शन शुक्रवार को भी जारी रहा। न्यायिक कार्य से विरत रहकर अधिवक्ताओं ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। वहीं, हड़ताल से वादकारियों को परेशानी हुई।
तिलोई तहसील बार एसोसिएशन के बैनर तले कासगंज कांड को लेकर अधिवक्ताओं का विरोध प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा। तहसील सभागार में हुई बैठक में बार अध्यक्ष ओमप्रकाश ने कहा कि अपहरण के बाद महिला अधिवक्ता की हत्या बेहद गंभीर मामला है। बैठक में अधिवक्ताओं ने निंदा प्रस्ताव पारित किया। इसके साथ ही शोक संवेदना व्यक्त की।
बैठक के बाद अधिवक्ताओं ने तहसील में प्रदर्शन कर कासगंज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। अध्यक्ष ने कहा कि घटना के विरोध में अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे। इस मौके पर राम किशोर मिश्रा, रामकृष्ण भारतीय, घनश्याम मिश्रा, शिव कुमार सिंह, पवन कुमार शुक्ला, विनोद मिश्रा, संजय मिश्रा, शिव मूर्ति जायसवाल आदि मौजूद रहे। अधिवक्ताओं के न्यायिक कार्य से विरत रहने से वादकारियाें को परेशानी हुई। केस की दूसरी तारीख लेकर उन्हें लौटना पड़ा।