जीजीआईसी गौरीगंज में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करती छात्राएं। स्रोत: विद्यालय प्रबंधन
अमेठी सिटी। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गौरीगंज के सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय कला उत्सव में 25 विद्यालयों के 158 विद्यार्थियों ने गायन, वादन और नृत्य की विभिन्न विधाओं में प्रतिभा दिखाई। एकल शास्त्रीय नृत्य में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गौरीगंज की लक्ष्मी ने प्रथम स्थान हासिल किया।
शास्त्रीय संगीत गायन में डीएवी एचएएल कोरवा की रितिका चौधरी ने प्रथम और इसी विद्यालय की नटरालिया वर्मा ने द्वितीय स्थान हासिल किया। लोकगीत समूह गायन में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गौरीगंज की काजल, एकता और सलमा बानो की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। डीएवी एचएएल कोरवा की आशी कनौजिया, अवनी सिंह, भव्या तिवारी श्रीवास्तव और पूर्वा की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
वाद्य संगीत की तंत्री विधा में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गौरीगंज की अंजनी चौहान ने प्रथम स्थान हासिल किया। अवनद्ध वाद्य में डीएवी एचएएल कोरवा के ओम मिश्र विजेता रहे। प्रतियोगिता में राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
डीआईओएस डॉ. राजेश कुमार द्विवेदी ने विजेताओं को सम्मानित किया। उन्होंने कला को व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। संचालन नीलम तिवारी ने किया। इस मौके पर प्रधानाचार्य राहुल सिंह, डॉ. राजेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।