बाजार शुुकुल (अमेठी)। क्षेत्र में दूसरे दिन भी चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया। हरखूमऊ के बाद अब टेवसी गांव के दो घरों से चोरों ने 35 हजार रुपये की नकदी समेत डेढ़ लाख कीमत के जेवर पार कर दिए। बृहस्पतिवार की सुबह मामले की जानकारी होने पर पीड़ितों ने मुकदमा दर्ज कराया है।
मंगलवार की रात हरखूमऊ गांव में रामनरेश व सुरेंद्र कुमार के घर में चोरी के मामले में पुलिस अभी जांच में जुटी ही थी, तभी बुधवार की रात चोरों ने पूरे फत्ते तिवारी मजरे टेवसी गांव का निशाना बना दिया। गांव निवासी बाबूलाल के घर के पीछे से घुसे चोरों ने बक्से में रखे 12 हजार रुपये नकद व लगभग एक लाख के जेवरात पर हाथ साफ किया। इसी गांव के बच्चे लाल के यहां भी चोरी हुई। इनके घर में चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और बक्से में रखे लगभग 15 हजार नकद व 50 हजार कीमत के जेवर चोरी कर फरार हो गए। बृहस्पतिवार सुबह गृहस्वामी को घटना की जानकारी हुई। एसओ तरुण कुमार पटेल ने बताया कि पूरे फत्ते तिवारी गांव में चोरी की सूचना मिली है। जांच-पड़ताल की जा रही है। टीमें लगाई गई हैं।