अमेठी सिटी। सीएम अभ्युदय योजना के तहत शासन की ओर से जिले के मेधावियों के लिए निशुल्क कोचिंग की व्यवस्था है। कोचिंग में पढ़ाने के लिए शिक्षकों की तो नियुक्तियां हुईं।हालांकि अध्यापन कार्य के लिए राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) गौरीगंज में महज एक कमरा है।
सीएम अभ्युदय योजना की जिम्मेदारी समाज कल्याण विभाग के पास है। योजना में कोचिंग का लाभ ले रहे छात्रों का कहना है कि जीजीआईसी में अगर कोई परीक्षा होती है तो वहां से कुछ समय के लिए कोचिंग की व्यवस्था हटा ली जाती है। जिम्मेदारों का कहना है कि जिले में कई जगहों पर निशुल्क कमरों की तलाश की गई पर सफलता नहीं मिली। जिला समाज कल्याण अधिकारी मनोज कुमार शुक्ला ने बताया कि छात्र-छात्राओं की बेहतरी के हरसंभव प्रयास हो रहे हैं।
डिजिटल बोर्ड चार, बिजली व्यवस्था बदहाल
जिले में सीएम अभ्युदय योजना में कोचिंग के लिए खरीदे गए चार डिजिटल बोर्ड में से एक जीजीआईसी में लगा है। एक बोर्ड आश्रम पद्धति विद्यालय में इंस्टाल है। जबकि दो डिजिटल बोर्ड विकास भवन में धूल खा रहे हैं। जबकि बदहाल बिजली व्यवस्था से डिजिटल बोर्ड भी बार-बार बंद हो जाता है। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि स्थायी जगह मिलने के बाद व्यवस्था बेहतर होगी।