अमेठी सिटी। बाजारशुकुल के साईगंज चौराहे के पास बुधवार शाम अज्ञात वाहन की चपेट में आकर साइकिल सवार मजदूर राम सुमिरन यादव (50) गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वह बाराबंकी जिले के सुबेहा क्षेत्र के जगदीशवापुर गांव निवासी थे।
राम सुमिरन बुधवार को खालिस बाहरपुर गांव में मजदूरी करने गए थे। शाम को काम खत्म होने के बाद वह साइकिल से घर लौट रहे थे। साईगंज चौराहे के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकला।
मौके पर मौजूद व्यापारियों ने घायल मजदूर को सीएचसी बाजारशुकुल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सीओ अतुल सिंह ने बताया कि मजदूर की मौत की जानकारी मिली है। पोस्टमार्टम बाराबंकी पुलिस ने कराया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन और चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
राम सुमिरन अविवाहित थे और अपने छोटे भाई रामबरन के साथ रहते थे। वह मजदूरी करके परिवार की आजीविका चलाते थे। उनकी मौत से भाई रामबरन का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के अन्य सदस्य भी घटना से सदमे में हैं।