जगदीशपुर। जिले से अयोध्या रामनगरी की यात्रा शीघ्र ही सुगम होने जा रही है। जगदीशपुर के रुदापुर स्थित कुड़वा घाट के निकट गोमती नदी पर पीपा पुल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। 62.54 लाख रुपये से तैयार हो रहा यह पुल एक सप्ताह के भीतर आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा। इसके शुरू होने से जनपदवासियों को अयोध्या पहुंचने के लिए लंबी दूरी नहीं तय करनी पड़ेगी।
पीपा पुल पर आवागमन शुरू होने से रोजमर्रा के कामों के लिए 10 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। इससे न केवल खेतों तक पहुंच आसान होगी, बल्कि खेती-किसानी से जुड़े कार्य भी समय पर पूरे हो सकेंगे, जिससे किसानों और मजदूरों की परेशानी कम होगी। अमेठी से अयोध्या की दूरी कम होने से श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थलों तक पहुंचने में आसानी होगी, वहीं व्यापारियों का आवागमन सरल बनेगा और बाजारों तक पहुंच सुगम होगी।
गोमती नदी पर पीपा पुल का निर्माण लखनऊ-वाराणसी हाईवे और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से संपर्क को बेहतर बनाएगा। इससे जगदीशपुर, रानीगंज, वारिसगंज और बाजारशुकुल जैसे कस्बों तक पहुंच आसान होगी। गडरियाडीह, हसनपुर, खैरातपुर, मंगौली, पूरे शोहरत, देवकली बाजार, गोंडवा, मड़वा और पूरे जालिम मल्लाह जैसे गांव सीधे जुड़ेंगे, जिससे दैनिक आवाजाही सहज होगी। अयोध्या जिले के पूरे रोहतम अली, इमामगंज, घोड़वाल, बंधन का पुरवा, जिला भुआपुर, पूरे झाऊ और मांझ गांव के निवासियों को भी अमेठी और आसपास के क्षेत्रों तक पहुंचने में आसानी होगी।
समय सीमा में निर्माण पूरा करने के निर्देश
लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता रमेशचंद्र ने बताया कि कुड़वा घाट पर पीपा पुल का कार्य अंतिम दौर में है। निर्धारित समय सीमा में निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। पुल चालू होते ही दोनों जिलों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्रीय संपर्क बेहतर होगा।