अमेठी। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के तहत संचालित कोटे की दुकानों से राशन वितरण के बाद भी चार माह से कमीशन का भुगतान न होने से कोटेदारों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शनिवार को कोटेदार संघ के तहसील अध्यक्ष महेंद्र पांडेय की अगुवाई में कोटेदारों ने तहसील परिसर में प्रदर्शन किया और लंबित भुगतान को लेकर विरोध जताया।
कोटेदारों ने कहा कि सरकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र उपभोक्ताओं को नियमित रूप से राशन उपलब्ध कराया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद कमीशन का भुगतान नहीं हुआ है। कई बार विभागीय अधिकारियों और उच्चाधिकारियों से शिकायत की गई, फिर भी समस्या जस की तस बनी हुई है। तहसील अध्यक्ष महेंद्र पांडेय ने बताया कि लंबे समय से भुगतान न मिलने के कारण कोटेदारों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि चालू माह में भुगतान नहीं हुआ तो फरवरी से राशन वितरण कार्य का बहिष्कार किया जाएगा।
ब्लॉक अध्यक्ष संतोष सिंह ने कहा कि सीमित संसाधनों में वितरण व्यवस्था बनाए रखना कठिन होता जा रहा है। आपूर्ति निरीक्षक शुभम ने बताया कि कमीशन भुगतान को लेकर शासन स्तर से नई व्यवस्था लागू हुई है। एसएनए पोर्टल पर सभी कोटेदारों का डेटा फीड करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही कोटेदारों के खातों में कमीशन की राशि भेज दी जाएगी। प्रदर्शन के दौरान वीरू शुक्ला, राजकुमार मिश्रा, महेंद्र सिंह, राजदेव सिंह, मालिकराम यादव, आलमशेर, सुनील शर्मा, राजकुमार सिंह, धर्मराज मिश्र, संदीप कुमार शुक्ला आदि कोटेदार मौजूद रहे।