कमरौली। नमाज-ए-इशा के बाद शनिवार रात आठ बजे जगदीशपुर गांव में जश्ने गौसुलवरा रजी अल्लाहु अन्हु कांफ्रेंस का आयोजन अकीदत के साथ हुआ। कार्यक्रम का आयोजन फैजने अशरफ कमेटी की ओर से किया गया।
हजरत सैयद मोहम्मद रिजवान अशरफ अशरफी उल जीलानी किब्ला (जायस शरीफ) मुख्य अतिथि के रूप में शरीक हुए। उन्होंने कहा कि गौसे आजम अपने दौर के महान आलिमेदीन थे, जिन्होंने इंसानियत और भलाई का पैगाम फैलाया। नकीबे हिंदुस्तान सुल्तान वारसी सुल्तानपुरी ने कार्यक्रम का संचालन किया। अल्लामा मौलाना मोहम्मद अहमद वारसी और मौलाना मोहम्मद आलम कादरी ने समाज में फैली बुराइयों से युवाओं को दूर रखने और बच्चों को तालीमयाफ्ता बनाने पर जोर दिया।
इस मौके पर कारी इदरीस रजा, मौलाना आलम, हाफिज अरशद रजा, मौलाना मोहम्मद सहीम, अबूबकर मदनी, रेहान अशरफी सहित कई नातख्वानों ने नात-ए-पाक पेश की। रातभर चले आयोजन में बड़ी संख्या में सैकड़ों अकीदतमंदों ने शिरकत की। अंत में सैयद रिजवान अशरफ ने मुल्क में अमन, तरक्की और कौम की सलामती की दुआ कराई।