अमेठी। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं को मुफ्त शिक्षा के साथ अब 100 रुपए प्रतिमाह स्टाइपेंड भी प्रदान की जाएगी। जिले के 13 केजीबीवी की 1260 छात्राओं को योजना का लाभ मिलेगा। यह धनराशि डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खाते में दी जाएगी।
बेटियों को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने के लिए केजीबीवी में पढ़ने वाली छात्राओं को स्टाइपेंड देने का निर्णय लिया गया है। मानव संसाधन विकास मंत्रालय की ओर से इन छात्राओं को 100 रुपए प्रतिमाह की दर से 11 माह तक भुगतान उनके बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से किया जाएगा।
जिला समन्वयक बालिका शिक्षा प्रभाकार मिश्र व वार्डेन को केजीबीवी में नामांकित छात्राओं का पंजीकरण प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड करने और जिन छात्राओं का नवीन प्रवेश हुआ है, उनका बचत खाता खुलवाते हुए आधार से लिंक कराने का निर्देश राज्य परियोजना निदेशक विजय किरन आनंद ने दिया है।
खाते में भेजी जाएगी धनराशि
बीएसए संजय कुमार तिवारी ने बताया कि सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी, जिला समन्वयक बालिका शिक्षा, वार्डेन व लेखाकार को समन्वय बनाकर डाटा अपलोड करने के साथ भत्ते का लाभ पारदर्शी ढ़ंग छात्राओं को देने का निर्देश दिया गया है। स्टाइपेंड मिलने से बालिकाओं को सुविधा मिलेगी।