अमेठी सिटी। नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वालंबन को बढ़ावा देने के लिए चल रहे मिशन शक्ति फेज 5.0 अभियान के तहत बुधवार को मुसाफिरखाना तहसील में अनोखी पहल हुई। कंपोजिट विद्यालय जमुवारी की कक्षा आठ की छात्रा कशिश मौर्य को एक दिन का उपजिलाधिकारी बनने का अवसर मिला।
कशिश मौर्य ने एसडीएम की कुर्सी पर बैठकर तहसील परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न पटलों का जायजा लिया और साफ-सफाई व अभिलेखों के रख-रखाव पर अधिकारियों को निर्देश दिए। इसके बाद उपजिलाधिकारी अभिनव कनौजिया संग कार्यालय में जनसुनवाई में भी शामिल हुईं। उन्होंने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। इस अवसर पर तहसीलदार राहुल सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
नुक्कड़ नाटक में स्वावलंबन का संदेश
गौरीगंज के हनुमान तिराहे पर बुधवार को मिशन शक्ति अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। कलाकारों ने महिला शिक्षा, सुरक्षा और स्वावलंबन पर प्रभावी प्रस्तुति दी। महिला थाना प्रभारी कंचन सिंह ने छात्राओं व महिलाओं को उनके अधिकार बताए और गुड टच व बैड टच का अंतर समझाया। उन्होंने कहा कि हर थाने में महिला हेल्प डेस्क स्थापित है, जहां शिकायत गुप्त रखकर दर्ज की जाती है। गौरीगंज रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, कस्तूरबा गांधी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, अमेठी नगर, संग्रामपुर, मोहनगंज, कमरौली, जगदीशपुर, मुंशीगंज, फुरसतगंज, रामगंज, बाजारशुक्ल, शिवरतनगंज, पीपरपुर, जायस, जामो, इन्हौना, मुसाफिरखाना और भाले सुल्तान शहीद स्मारक क्षेत्र में चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने जागरूकता कार्यक्रम किए। इसमें महिलाओं और बच्चों से जुड़े कानून, घरेलू हिंसा से सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव और आत्मरक्षा के उपायों पर जानकारी दी गई। पंफलेट बांटकर हेल्पलाइन सेवाओं का प्रचार किया गया।
मीना डे पर मनाया जन्मदिन
कमरौली, कंपोजिट पहाड़गंज, उच्च प्राथमिक विद्यालय उड़वा, पीएम श्रीपश्चिम दुआरा और कंपोजिट विद्यालय कमरौली में मीना का जन्मदिन मनाया गया। इस दौरान बालिकाओं को मीना मंच के जरिए आत्मनिर्भरता और सुरक्षा से जुड़ी कहानियां सुनाई गईं। विद्यालयों को सजाया गया और छात्राओं से केक कटवाया गया। जामो कस्बे के उच्च प्राथमिक विद्यालय में भी मीना का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। शिक्षक अंजना सिंह ने टीवी स्क्रीन पर मीना मंच की कहानियां दिखाकर बच्चों को प्रेरित किया। सुशील कुमार यादव और हेमंत कुमार पांडेय ने यूनिसेफ से जुड़ी उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। प्रधानाध्यापक रामललन द्विवेदी ने बच्चों संग केक काटकर उन्हें प्रोत्साहित किया।