टिकरिया। ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहने का सिलसिला थम नहीं रहा है। गौरीगंज रेलवे स्टेशन से होकर गुजरने वाली वाराणसी-दिल्ली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस और देहरादून-वाराणसी व वाराणसी-देहरादून जनता एक्सप्रेस शनिवार को निरस्त रहेगी।
शुक्रवार को डाउन काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस और मालदा टाउन-आनंद विहार एक्सप्रेस का संचालन नहीं हो सका। इससे मालदा टाउन-आनंद विहार एक्सप्रेस से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को स्टेशन से मायूस होकर लौटना पड़ा। प्लेटफार्म पर यात्रियों की भीड़ रही और स्पष्ट सूचना के अभाव में लोग परेशान नजर आए। इसके अलावा कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से पहुंचीं।
दिल्ली-प्रतापगढ़ पद्मावत एक्सप्रेस लगभग दो घंटे विलंब से चली। लखनऊ से प्रयागराज जाने वाली संगम स्पेशल करीब तीन घंटे देर से रवाना हुई। अमृतसर-पंजाब मेल ढाई घंटे और दिल्ली-पुरी नीलांचल एक्सप्रेस करीब दो घंटे देरी से पहुंची। रेल संचालन प्रभावित रहने से दैनिक यात्रियों के साथ लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोग भी परेशान हुए। बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे सबसे अधिक परेशान दिखे।
स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि शनिवार को काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस और अप व डाउन जनता एक्सप्रेस निरस्त रहेगी। यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि स्टेशन पहुंचने से पहले ट्रेनों की स्थिति की जानकारी अवश्य कर लें ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।