डामरीकरण के लिए प्रस्तावित संग्रामपुर के मिश्रौली-मनिकापुर मार्ग। -संवाद
अमेठी सिटी। संग्रामपुर के मिश्रौली-भेंटुआ संपर्क मार्ग से करौंदी होते हुए मनिकापुर तक दो किमी सड़क का 1.95 करोड़ रुपये से डामरीकरण कराया जाएगा। लंबे समय से बदहाल रास्ते से परेशान करीब 50 हजार लोगों को इससे राहत मिलने की उम्मीद है। सड़क पर गड्ढे, कीचड़ और जलभराव के कारण ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ती है। निर्माण पूरा होने पर बाजार, अस्पताल, बैंक, तहसील और जिला मुख्यालय तक पहुंचना आसान होगा।
वर्तमान में कच्ची सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं। बारिश के दौरान पानी भरने से रास्ते पर कीचड़ हो जाता है। इससे पैदल चलने वालों और दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी होती है। ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामकाज के लिए भी इस रास्ते से गुजरना पड़ता है। करौंदी, मनिकापुर और मडौली के ग्रामीणों को पक्की सड़क बनने से आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
जिला मुख्यालय और रेलवे स्टेशन तक पहुंचना भी आसान होगा। ग्रामीण अशोक श्रीवास्तव और जयप्रकाश ने बताया कि सड़क की बदहाली से लंबे समय से परेशानी हो रही है। पक्की सड़क बनने से गांवों का संपर्क बेहतर होगा। हरिशंकर यादव ने कहा कि निर्माण से आवागमन की समस्या दूर होगी और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
अधिशासी अभियंता शैलेंद्र कुमार ने बताया कि सड़क निर्माण की मंजूरी मिल चुकी है। अवर अभियंता की निगरानी में निर्धारित समय के भीतर मानकों के अनुसार काम पूरा कराया जाएगा। निर्माण पूरा होने पर ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।