जगदीशपुर (अमेठी)। अहमदाबाद से सुल्तानपुर जा रही साबरमती एक्सप्रेस में बुधवार सुबह चलती ट्रेन में एक कांवड़िये की कुछ यात्रियों ने पिटाई कर दी। मोबाइल चोरी के शक में पीड़ित के कपड़े फाड़े गए और मोबाइल फोन व 900 रुपये छीन लिए गए। आरोप है कि पिटाई करने वालों ने उसे ट्रेन से बाहर फेंकने की कोशिश भी की लेकिन वह किसी तरह शौचालय में छिपकर जान बचाने में सफल रहा।
हरियाणा के फतेहाबाद के जमालपुर तुहाना गांव निवासी अनिल कुमार बुधवार को चलती ट्रेन से निहालगढ़ स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर कूद गए। वहां मौजूद आरपीएफ पोस्ट निहालगढ़ के प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार ने उसे ट्रॉमा सेंटर जगदीशपुर में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जीआरपी सुल्तानपुर के हवाले कर दिया गया। युवक के मुताबिक, वह नशे की हालत में ट्रेन में टहल रहा था। लखनऊ-निहालगढ़ स्टेशन के बीच कुछ यात्रियों ने मोबाइल चोरी का आरोप लगाकर उसे पीटना शुरू कर दिया।
जेब से नकदी और मोबाइल निकाल लिया गया। आरोपी जब उसे चलती ट्रेन से फेंकने की कोशिश कर रहे थे तो उसने टॉयलेट में जाकर दरवाजा बंद कर लिया और निहालगढ़ पहुंचते ही प्लेटफॉर्म पर कूद गया। बताया कि वह हरिद्वार गंगाजल लेने के लिए निकला था।
प्रभारी निरीक्षक आरपीएफ अजय कुमार ने बताया कि युवक ने पूछताछ में मोबाइल की चोरी को स्वीकार किया हे। यात्रियों की ओर से पिटाई का आरोप सामने आया है। मामले की जांच जीआरपी सुल्तानपुर कर रही है।