बाजार शुकुल के पूनीपुर भटपुरवा में कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालु। स्रोत- ग्रामीण
बाजारशुकुल (अमेठी)। क्षेत्र के भटपुरवा पूनीपुर गांव में श्रीमद्भागवत कथा से पहले बुधवार को श्रद्धालुओं ने गाजे-बाजे के साथ कलश यात्रा निकाली। श्रद्धालुओं के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। कलश यात्रा के बाद देर शाम प्रवाचक ने कथा की शुरुआत की।
कथा शुरू होने से पहले गाजे-बाजे के साथ महिलाएं सिर पर मंत्र पूजित कलश रखकर मंगल गीत गाते हुए गोमती नदी के रीछ घाट पहुंचीं। विधिविधान से पूजन करने के बाद कलश में जल भरकर यात्रा वापस हुई। कलश यात्रा गायत्री नगर चौराहे से होते हुए पांडेयगंज चौराहे पहुंची। विभिन्न देवी-देवताओं का जयघोष करते हुए कलश यात्रा कथा स्थल पर आकर समाप्त हुई।
देर शाम प्रवाचक आचार्य शिवम ने कथा की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि जन्म-जन्मांतर के पुण्य उदय होने पर श्रीमद्भागवत कथा को सुनने का अवसर मिलता है। इस मौके पर आयोजक इंद्रजीत शर्मा के साथ मुख्य यजमान कृष्ण लाल शर्मा, प्रभावती शर्मा, विक्रमाजीत शर्मा आदि उपस्थित रहे।