गौरीगंज के दीनापुर खजुरी गांव में शुरू हुई श्रीमद्भागवत कथा से पहले निकलती कलश यात्रा में मौजूद
अमेठी सिटी। जीवन के हर संकट का समाधान भागवत महापुराण में है। भागवत कथा जीवों के कल्याण का सबसे सुगम साधन है। ये बातें गौरीगंज के गांव दीनापुर खजुरी में शुरू हुई श्रीमद्भागवत कथा के पहले दिन प्रवाचक आचार्य संतोष महराज ने भागवत महात्म्य का वर्णन करते हुए कहीं।
प्रवाचक ने बताया कि श्रीमद्भागवत केवल एक पवित्र ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन का दर्पण है। यह मनुष्य को अज्ञान से ज्ञान की ओर, मोह से मोक्ष की ओर और संसार से परमार्थ की ओर ले जाती है। भागवत कथा में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का वर्णन हमें जीवन की सच्ची राह दिखाती है।
इसके पूर्व शनिवार सुबह कथा स्थल से गाजे-बाजे के साथ कलश यात्रा निकाली गई, जो खजुरी, गलकटा का पुरवा, ताला भीटा होते हुए महादेवन स्थित बाबा मुकुटनाथ धाम पहुंची, जहां दर्शन-पूजन के बाद कथा स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान श्रद्धालु अबीर -गुलाल उड़ाते हुए भक्तिगीतों पर जमकर थिरके। इस दौरान मुख्य यजमान अंबिका प्रसाद पाण्डेय, सीता देवी, गिरजा शंकर पांडेय, अरुणेश पांडेय, अवधेश पांडेय, त्रिलोचन पांडेय, विनोद कुमार पांडेय, पंकज पांडेय आदि मौजूद रहे।