फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: कैलाश खेर ने सजाई सुरों की महफिल

Sun, 30 Nov 2025 12:07 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
अमेठी कस्बे में आयोजित कार्यक्रम में गीत प्रस्तुत करते हुए पदमश्री कैलाश खेर। स्त्रोत : आयोजक
विज्ञापन
अमेठी। कस्बे में शुक्रवार रात सुरों की ऐसी बारिश हुई कि पूरा शहर संगीतमय हो गया। हजारों दर्शकों की मौजूदगी में मशहूर गायक पद्मश्री कैलाश खेर ने अपने दमदार सुरों से ऐसा माहौल बनाया कि देर रात तक लोग झूमते रहे। मंच पर मौजूद कैलाशा बैंड की प्रस्तुति ने अमेठीवासियों का दिल जीत लिया।
विज्ञापन





जिला पंचायत अध्यक्ष व भाजपा नेता राजेश अग्रहरि के यहां बहूभोज कार्यक्रम में शुक्रवार देर रात जैसे ही कैलाश खेर मंच पर पहुंचे, तालियों की गड़गड़ाहट ने पूरे कार्यक्रम में ऊर्जा भर दी। उन्होंने कंसर्ट की शुरुआत अपने ही लिखे लोकप्रिय गीत मैं तो तेरे प्यार में दीवाना हो गया, दिलरुबा ये बता... से की। फिर उन्होंने तौबा तौबा उफ माशा-ए-अल्लाह... सुनाकर लोगों को थिरकने पर मजबूर कर दिया। अमीर खुसरो की रचना गोरी सोई सेज पे… और ओ पिया-पिया के रंग... पर दर्शक झूमते रहे।


इसके बाद पूरे कार्यक्रम में रोमांच भरते हुए कैलाश खेर ने शिव तांडव स्तोत्र की प्रस्तुति दी और फिर बाहुबली फिल्म का मशहूर गीत कौन है वो… सुनाकर माहौल को चरम पर पहुंचा दिया। उनका हिट गीत तेरे नाम से जी लूं, तेरे नाम से मर जाऊं… दर्शकों की आवाज के साथ गूंजता रहा। वहीं ये दुनिया ऊट पटांगा… सुनते ही लोग नाचने लगे।
विज्ञापन



मंच के पास मौजूद दर्शक थिरकते हुए कैलाश खेर को अपने कैमरों में कैद करते रहे। इसके बाद उन्होंने हीरे मोती मैं न चाहूं, मैं तो चाहूं संगम तेरा… और जागो री जागो… जैसे भजन और गीतों से समा बांध दिया। कार्यक्रम के अंत में जब कैलाश खेर ने हाथ में डमरू लेकर अपना मशहूर गीत बम बम शिवलहरी… गाया तो पंडाल झूम उठा। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी उनकी ताल पर झूमते दिखाई दिए।





अमेठी पहुंचने से पूर्व कैलाश खेर ने जताई उत्सुकता
कंसर्ट से पहले कैलाश खेर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अमेठी को लेकर खास पोस्ट साझा की। उन्होंने लिखा कि बहुत बार इस शहर का नाम सुना कई कारणों से, मगर आज यहां होगा कैलाश खेर और कैलासा का अलौकिक संगीत मंचन। शहर का नाम है अमेठी। शिवा की अलख जागेगी सारी रात। इस पोस्ट के बाद से ही दर्शकों में कार्यक्रम को लेकर उत्साह और अधिक बढ़ गया था।



कार्यक्रम में मौजूद रहे कई जनप्रतिनिधि
देर रात तक चले इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री नरेंद्र कश्यप, पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह, अयोध्या मेयर गिरीशचंद्र त्रिपाठी, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजय सिंह, पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति, एमएलसी गोविंद नारायण शुक्ल, विधायक विनोद सिंह, गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह, मौनी महाराज, एमएलसी शैलेंद्र सिंह, पूर्व एमएलसी दीपक सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ल, राकेश त्रिपाठी आदि जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें