अमेठी सिटी। बिजली बिल राहत योजना के तहत जगदीशपुर क्षेत्र के उमरवल मद्दूपुर गांव में सोमवार को आयोजित शिविर के दौरान बिल की वसूली करने गए दखिनवारा उपकेंद्र के अवर अभियंता रामरतन प्रजापति के साथ मारपीट की गई। इससे अभियंता को चोटें आईं। बीचबचाव करने पहुंचे टीम के अन्य सदस्यों के साथ भी अभद्रता की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
अवर अभियंता रामरतन प्रजापति ने बताया कि वह टीम के साथ गांव में शिविर के दौरान बिजली बिल वसूली का कार्य कर रहे थे। जिन उपभोक्ताओं पर बकाया था, उनसे भुगतान कराने के साथ कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान बकाया होने पर कनेक्शन काटे जाने से नाराज धरनेंद्र विक्रम उर्फ संजय, विक्रांत विक्रम उर्फ राजा, शुभम और गोलू ने कुछ अज्ञात लोगों के साथ मिलकर उनकी पिटाई कर दी।
घटना के समय शोर सुनकर टीम के सदस्य प्रमोद और हरिकेश मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी अभद्रता की गई। आरोप है कि दोनों को जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद अवर अभियंता ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। इंस्पेक्टर धीरेंद्र यादव ने बताया कि अवर अभियंता की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।