अमेठी सिटी। युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 26 फरवरी को रणवीर रणंजय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर अमेठी में वृहद रोजगार मेले का आयोजन होगा। इसकी तैयारियों में सेवायोजन विभाग जुटा है। मेले में देश की 50 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी। एक हजार युवाओं को नौकरी दिलाने का लक्ष्य तय किया गया है। जर्मनी में नर्सिंग विद्यार्थियों के लिए लगभग एक लाख रुपये प्रति माह वेतन का अवसर रहेगा।
विभाग ने विभिन्न कंपनियों से संपर्क किया है। अब तक एमआरएफ टायर, हैवेल्स, याजकी प्राइवेट लिमिटेड, भगवती प्रोडक्ट्स लिमिटेड, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, कृष्ण मारुति, वर्धमान टेक्सटाइल्स, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल लिमिटेड समेत कई संस्थानों ने सहभागिता की सहमति दी है। सुरक्षा सेवाओं से जुड़ी कंपनियां भी चयन प्रक्रिया में शामिल होंगी।
मेले में स्थानीय अवसरों के साथ विदेशी नियुक्ति के विकल्प भी उपलब्ध रहेंगे। मॉरीशस में हेल्पर और कैशियर पदों पर करीब 34 हजार रुपये मासिक वेतन प्रस्तावित है। स्थल पर परामर्शदाताओं की व्यवस्था रहेगी जो प्रतिभागियों को योग्यता और रुचि के अनुरूप मार्गदर्शन देंगे। सेवायोजन अधिकारी अनुपमा रानी ने बताया कि चयन प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई जाएगी। अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पंजीकरण अभियान भी चलाया जा रहा है।