जगदीशपुर स्थित मंगौली गांव में चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान। स्रोत: ग्रामीण
जगदीशपुर। रायबरेली-अयोध्या हाईवे किनारे स्थित मंगौली गांव में बुधवार रात चोरों ने दो स्थानों को निशाना बनाया। सुखराज विश्वकर्मा के घर से 45 हजार रुपये और करीब पांच लाख रुपये के जेवर चोरी हो गए। वहीं कुछ दूरी पर उदयराज शुक्ला की दुकान से दो हजार रुपये और मोबाइल फोन चोरी कर लिया गया।
सुखराज विश्वकर्मा ने बताया कि चोर पीछे की तरफ से दीवार की ईंटें हटाकर घर में दाखिल हुए। कमरे में रखी अलमारी खोलकर उसमें रखी नकदी और जेवर निकाल लिए। इसी दौरान कमरे में सो रही बहू बीना की नींद खुल गई। उसके शोर मचाने पर घर के अन्य सदस्य भी जाग गए। परिजनों ने भाग रहे चोरों का पीछा किया, मगर अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर चोर भाग निकले। चोरों के भागने का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
सुखराज के घर से कुछ दूरी पर स्थित उदयराज शुक्ला की दुकान के काउंटर से दो हजार रुपये और मोबाइल फोन चोरी कर लिया। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। इंस्पेक्टर जगदीशपुर यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच कराई जा रही है।