जायस। ममहा भोझी भुलामऊ गांव में रविवार रात चोरों ने यार मोहम्मद के मकान का ताला तोड़कर करीब सात लाख रुपये के जेवर और 10 हजार रुपये पार कर दिए। सुबह घटना की जानकारी होते ही परिजन परेशान हो गए। पुलिस मामले की जानकारी नहीं होने की बात कह रही है। वारदात के बाद से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
यार मोहम्मद ने बताया कि रात में सभी सदस्य भोजन के बाद अपने-अपने कमरों में सो गए थे। सोमवार सुबह उठने पर दो कमरों के ताले टूटे मिले। पीड़ित के अनुसार चोर पीछे बने शौचालय की ओर से घर में दाखिल हुए। अंदर पहुंचकर उन्होंने कमरों के ताले तोड़े और बक्सों को खंगाल लिया। वारदात के बाद पीछे का दरवाजा खोलकर निकल गए।
थानाध्यक्ष अमरेंद्र सिंह ने बताया कि अभी तक पीड़ित की ओर से तहरीर नहीं मिली है। सूचना मिलने पर जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।