संग्रामपुर (अमेठी)। दिनदहाड़े एक गांव में मकान का ताला तोड़ कर करीब दो लाख के जेवर और नकदी उड़ा ली गई। इस वारदात के बाद से गांव में सनसनी है। कुटिया पतापुर गांव की रहने वाली शिवकुमारी के मुताबिक पति सहित अन्य परिजन चंडीगढ़ में रहते हैं। शुक्रवार सुबह नौ बजे मकान में ताला बंद कर वह बेटे मोहित के साथ खेत में सरसों काटने गई थी। 11 बजे वह सरसों काटकर खेत से लौटीं तो देखा कि मकान का ताला टूटा है।
इसके बाद पड़ोसियों संग मकान में अंदर गई तो देखा कि सामान बिखरा पड़ा था। शिवकुमारी ने बताया कि बहू के कमरे में अलमारी में रखा सोने का हार, बच्चे का लॉकेट व अन्य सोने के आभूषण और चांदी के पायल सहित लगभग दो लाख से अधिक के आभूषण और 12 हजार नगद चोरी हो गई।
शिवकुमारी ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सिपाहियों संग पहुंचे उपनिरीक्षक राम प्रकाश यादव ने घटना स्थल का निरीक्षण करने के बाद साक्ष्य एकत्र किया। इंस्पेक्टर संदीप राय ने बताया कि चोरी की सूचना मिली है।