जगदीशपुर (अमेठी)। थाना क्षेत्र में चोरों ने एक घर से नकदी, जेवर सहित करीब 21 लाख का माल पार कर दिया। घटना से पुलिस को अवगत करा दिया गया है, लेकिन पुलिस घटना को संदिग्ध बता रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जगदीशपुर थाना क्षेत्र के पूरे लाला ईश्वरीयदास मजरे तेतारपुर गांव निवासी अभिषेक कुमार दुबे के घर शनिवार की रात चोर घुस गए। चोरों ने परिजनों को सोते समय कमरे में बाहर से बंद कर दिया और घर से एक लाख 33 हजार रुपये व करीब 20 लाख रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। सुबह करीब पांच बजे जब अभिषेक की भाभी ने अपने कमरे से अभिषेक को फोन किया कि कमरा बाहर से बंद है, जब अभिषेक उनका कमरा खोलने उठे तो पता चला कि उनका कमरा भी बाहर से बंद है।
अन्य लोगों की मदद से कमरा खोला गया। जब घर में देखा तो कमरों के ताले टूटे थे और घर का कीमती सामान गायब था। खाली अटैची और कागजात पड़े थे। अभिषेक ने प्रकरण की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने जांच की है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत होता है। फिर भी जांच की जा रही है।