अमेठी सिटी। आधार अपडेट कराने के लिए लोगों की लाइन कम नहीं हो रही है। डाकघरों व बैंक में रोज लोगों की भारी भीड़ हो रही है। लोगों को असुविधा से बचाने के लिए उनको नियत तारीख पर आने के लिए कहा गया है। इसके लिए गौरीगंज डाकघर में 24 अगस्त तक की सभी तारीखें फुल हो गई हैं।
राशन कार्ड में बच्चों से लेकर बूढ़ों तक सभी की ई-केवाईसी अनिवार्य कर दी गई है। आधार अपडेट नहीं होने पर ई-केवाईसी नहीं होगी। राशन सुविधा का लाभ नहीं मिलेगा। ऐसे में लोग आधार अपडेट कराने के लिए रोज डाकघर में पहुंच रहे हैं। लोगों की भीड़ कम करने के लिए उनकी तारीख निर्धारित करते हुए उन्हें उनका क्रमांक व तारीख दोनों बता दी गई है। इसके बाद भी नियमित रूप से बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं और आधार कार्ड अपडेट करने की सिफारिश कर रहे हैं।
ऐसे लोगों को शाम तक इंतजार करने के लिए कहा जा रहा है। इतना ही नहीं लोग आधार कार्ड अपडेट कराने के लिए नेताओं व अधिकारियों से सिफारिश भी करवा रहे हैं। गौरीगंज डाकघर में आधार केंद्र पर नियुक्त जयदीप ने बताया कि 24 अगस्त के बाद लोगों की भीड़ कुछ कम होने की संभावना है। बताया कि करीब 700 लोगों का आधार अपडेट किया जा चुका है। करीब 55 से 60 लोगों का आधार रोज अपडेट किया जा रहा है। डाकघर के सबपोस्ट मास्टर लक्ष्मीकांत तिवारी ने बताया कि लोगों की भीड़ रोज बढ़ती ही जा रही है।
50 व 100 रुपये तक ले रहे
आधार केंद्र पर लोगों से 50 व 100 रुपये शुल्क लिया जा रहा है। आधार केंद्र प्रभारी जयदीप ने बताया कि बायोमीट्रिक अपडेट के लिए 100 रुपये व अन्य अपडेट के लिए 50 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। वहीं नए पंजीकरण के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाता है।