अमेठी सिटी। त्योहारों पर ट्रेनों की लेटलतीफी यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। रविवार को सभी स्टेशन पर ठहराव के साथ प्रयागराज जाने वाली पैसेंजर ट्रेन के विलंब से आने से करीब 200 यात्रियों को प्रतीक्षा करनी पड़ी। वहीं, डाउन नीलांचल एक्सप्रेस निरस्त रही और जयनगर-आनंद विहार स्पेशल ट्रेन 14 घंटे देरी से अमेठी पहुंची।
लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक का दोहरीकरण व विद्युतीकरण भले ही हो गया हो, लेकिन ट्रेनों के विलंब से संचालित होेने की परेशानी से लोगों को निजात नहीं मिल पाई है। रविवार को लखनऊ-प्रयागराज संगम पैसेंजर ट्रेन से दीपावली त्योहार पर मैहर की यात्रा करने पहुंचे करीब 200 यात्रियों को तीन घंटे प्लेटफार्म पर प्रतीक्षा करनी पड़ी। यात्री सुशीला, कलावती, रानी व सुषमा ने बताया कि उम्मीद थी कि प्रयाग समय से पहुंच जाएंगे तो गंगा मैया के दर्शन व स्नान करने के बाद दूसरी ट्रेन पकड़ कर मैहर जाकर कामतानाथ प्रभु के दर्शन करेंगे। लेकिन पैसेंजर ट्रेन बहुत लेट हो गई है। ऐसे में अब तक गंगा मैया के दर्शन व स्नान कैसे करेंगे, यह चिंता हो रही है। यही हाल तकरीबन अन्य यात्रियों का रहा।
आनंद विहार-पुरी डाउन नीलांचल एक्सप्रेस अचानक निरस्त होने से इस ट्रेन से यात्रा करने वालों को अपनी यात्रा स्थगित करनी पड़ी। सर्वाधिक परेशानी जयनगर-आनंद विहार स्पेशल से यात्रा करने वालों को रविवार को सहन करनी पड़ी। ट्रेन सुबह अपने निर्धारित समय 6:50 बजे के बजाए 14 घंटा देरी से संचालित हुई।
ट्रेन के यात्री बार-बार स्थिति की जानकारी लेते रहे। इस ट्रेन के रात में 8:52 तक पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। यात्री अनुज कुमार व श्रवण ने बताया कि सोचा था कि शाम तक पहुंच कर सोमवार को ड्यूटी कर लेंगे, लेकिन अब सोमवार को भी अवकाश लेना पड़ेगा। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि अपरिहार्य कारण से डाउन नीलांचल एक्सप्रेस निरस्त रही तो जयनगर स्पेशल ट्रेन देरी से पहुंच कर रवाना हुई।