अमेठी सिटी। अमेठी से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए मुश्किलें बढ़ गई हैं। शनिवार को जनता एक्सप्रेस, पंजाब मेल, पद्मावत एक्सप्रेस व अर्चना एक्सप्रेस निरस्त रहीं। ऐसे में पहले से इन ट्रेनों में आरक्षित टिकट करवाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मुरादाबाद मंडल के मसीत रेलवे स्टेशन पर नाॅन इंटरलाॅकिंग कार्य को पूरा करने के लिए रेलवे ने प्रतापगढ़ से दिल्ली के लिए संचालित अप पद्मावत एक्सप्रेस को निरस्त कर दिया। शनिवार को ट्रेन के निरस्त होने की जानकारी पर टिकट निरस्त करवाने पहुंचे अतुल कुमार व रवि कुमार ने बताया कि दिल्ली जाना जरूरी है। पहले से टिकट बुक करवाया था। कन्फर्म सीट भी मिल गई थी, लेकिन ट्रेन ही निरस्त हो गई।
अब किसी ट्रेनों कन्फर्म टिकट नही मिल रही। ट्रेनोें के निरस्त होने से सुबह 10:34 बजे नीलांचल एक्सप्रेस व शाम 5:00 बजे काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस में यात्रियों को साधारण कोच में भीड़ के बीच यात्रा करनी पड़ी, जिससे यात्रियों का सफर करने में बहुत तकलीफ हुई। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि नाॅन इंटरलाॅकिंग कार्य के चलते जनता एक्सप्रेस, पंजाब मेल व पद्मावत एक्सप्रेस निरस्त रहीं।