अमेठी सिटी। ट्रेनों के संचालन पर कोहरे का व्यापक असर पड़ा है। सोमवार को अप और डाउन जनता एक्सप्रेस निरस्त रही, जबकि अन्य कई ट्रेनों का संचालन विलंब से हुआ। ट्रैक पर संचालित एकमात्र पैसेंजर ट्रेन भी छह घंटे देरी से संचालित हुई। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
देहरादून-वाराणसी व वाराणसी-देहरादून जनता एक्सप्रेस सोमवार को निरस्त रही। इस ट्रेन के निरस्त होने से वाराणसी, लखनऊ, मुरादाबाद, हरिद्वार व देहरादून की यात्रा करने वाले लोग परेशान रहे। इसी तरह सोमवार को लखनऊ से चलकर सभी स्टेशनों पर ठहराव संग प्रयागराज जाने वाली पैसेंजर ट्रेन छह घंटे देरी से गौरीगंज आई। इस ट्रेन का संचालन सिर्फ प्रयाग तक हुआ। ऐसे में प्रयागराज संग अन्य स्टेशनों के यात्री परेशान रहे।
सोमवार को भोपाल-प्रतापगढ़ सुपरफास्ट एक्सप्रेस, पंजाब मेल भी एक घंटे देरी से गौरीगंज आई। इन ट्रेनों के देरी से चलने से दैनिक यात्रियों को दिक्कतें हुईं। डाउन काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय रविवार रात 11:26 के बजाय सोमवार की सुबह 3:16 बजे चार घंटे विलंब से गौरीगंज आई। वहीं अप जनसाधारण एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय रविवार रात 10:56 के बजाय सोमवार की सुबह 4:54 बजे छह घंटे विलंब से संचालित हुई। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि कोहरे के कारण अन्य ट्रेनों के संचालन में विलंब हुआ। जनता एक्सप्रेस पूर्व में जारी आदेश के क्रम में निरस्त रही।