अमेठी सिटी। लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल मार्ग पर ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। बृहस्पतिवार रात 11:56 बजे गौरीगंज पहुंचने वाली आनंद विहार-दानापुर जनसाधारण एक्सप्रेस शुक्रवार सुबह 07:27 बजे पहुंची। इससे यात्रियों को रातभर स्टेशन पर इंतजार करना पड़ा।
गौरीगंज निवासी राकेश गुप्ता ने बताया कि उन्हें दानापुर जाना था। रात में स्टेशन पहुंचे, लेकिन ट्रेन के न आने से पूरी रात प्लेटफार्म पर गुजारनी पड़ी। वाराणसी जाने वाले यात्री रमेश कुमार ने कहा कि उन्हें विंध्याचल होते हुए वाराणसी पहुंचना था, मगर ट्रेन की देरी से योजना प्रभावित हो गई। उन्होंने बताया कि एक घंटे की यात्रा के लिए साढ़े सात घंटे प्रतीक्षा करनी पड़ी।
केवल जनसाधारण एक्सप्रेस ही नहीं, बल्कि मुंबई-वाराणसी स्पेशल और पद्मावत एक्सप्रेस भी लगभग दो घंटे विलंब से पहुंचीं। योगनगरी एक्सप्रेस, गरीबरथ और पंजाब मेल जैसी अन्य गाड़ियां भी 50 मिनट से दो घंटे की देरी से स्टेशन आईं। इससे प्लेटफार्म पर यात्रियों की भीड़ लगी रही और बच्चों व बुजुर्गों को परेशानी हुई। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि ट्रेनों के विलंब का कारण तकनीकी समस्या और मार्ग पर बढ़ी रेल यातायात की व्यस्तता है। उन्होंने कहा कि यात्रियों को समय-समय पर ट्रेनों के आगमन की जानकारी प्रसारण व्यवस्था से दी जा रही है, ताकि असुविधा न हो।