अमेठी सिटी। ट्रेनों की लेटलतीफी ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। सोमवार रात 11:56 बजे पहुंचने वाली जनसाधारण एक्सप्रेस मंगलवार सुबह 07:38 बजे गौरीगंज रेलवे स्टेशन पहुंची। इससे नाराज यात्रियों ने रेलवे की सूचना प्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
बलिया निवासी रवींद्र कुमार ने बताया कि उन्हें रात 12 बजे ट्रेन पकड़नी थी, लेकिन पूरी रात स्टेशन पर बैठना पड़ा। वाराणसी जा रहे बिपिन दुबे ने कहा कि एक घंटे की यात्रा के लिए साढ़े सात घंटे इंतजार करना पड़ा, जिससे दफ्तर में जरूरी बैठक छूट गई। सिर्फ जनसाधारण एक्सप्रेस ही नहीं, बल्कि पद्मावत एक्सप्रेस, जनता एक्सप्रेस, अर्चना एक्सप्रेस, मरुधर एक्सप्रेस, योगनगरी एक्सप्रेस और काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस भी अपने निर्धारित समय से औसतन 50 मिनट से एक घंटे की देरी से स्टेशन पर पहुंचीं। इससे रेलवे स्टेशन पहुंचे यात्रियों को परेशानी हुई।
स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि ट्रेनों की देरी तकनीकी कारणों और रूट की अधिक व्यस्तता से हो रही है। रेलवे समय-समय पर डिजिटल माध्यमों से जानकारी प्रसारित कर रहा है, फिर भी भीड़भाड़ के चलते कुछ यात्रियों को असुविधा हो सकती है।