अमेठी सिटी। लखनऊ-प्रतापगढ़-वाराणसी रेलखंड पर रविवार को कई ट्रेनें निर्धारित समय से घंटों देरी से गौरीगंज पहुंचीं। संगम पैसेंजर पांच घंटे और जनसाधारण एक्सप्रेस साढ़े आठ घंटे देरी से पहुंची, जिससे यात्रियों को प्लेटफार्म पर इंतजार करना पड़ा।
दानापुर से आनंदविहार जाने वाली जनसाधारण एक्सप्रेस शनिवार रात 11:56 बजे आने वाली थी, लेकिन यह रविवार सुबह 08:36 बजे पहुंची। इसी तरह हावड़ा से अमृतसर जाने वाली पंजाब मेल एक घंटे की देरी से गौरीगंज पहुंची। सबसे अधिक असर लखनऊ से प्रयागराज जाने वाली संगम पैसेंजर पर पड़ा जो अपने तय समय सुबह 09:13 बजे के बजाय दोपहर 2:15 बजे पहुंची। संगम पैसेंजर लखनऊ से प्रयागराज के बीच सभी स्टेशनों पर रुकने वाली एकमात्र ट्रेन है, जिससे इस रूट के स्थानीय यात्रियों को काफी असुविधा हुई।
प्रयागराज जाने के लिए परिवार संग पहुंचे अंशु तिवारी ने बताया कि ट्रेन लेट होने से प्लेटफार्म पर इंतजार करना पड़ा। बच्चे भी परेशान हो गए। इसी ट्रेन से यात्रा करने आईं मंजू देवी ने कहा कि मुंबई काम पर लौटना है। प्रयागराज संगम से दूसरी ट्रेन का आरक्षित टिकट कराया है, मगर संगम पैसेंजर लेट होने से अब किराये के वाहन से जाना पड़ रहा है।
स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि ट्रेनों की लंबी दूरी और तकनीकी कारणों से संचालन प्रभावित हुआ है। यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए स्टेशन पर लाउडस्पीकर से लगातार ट्रेनों की वास्तविक स्थिति की जानकारी दी जा रही है।