टिकरिया। लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल मार्ग पर गौरीगंज होकर चलने वाली दिल्ली-वाराणसी काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस और वाराणसी-देहरादून जनता एक्सप्रेस का संचालन बृहस्पतिवार को निरस्त रहा। इससे आरक्षित टिकट धारकों के साथ ही सामान्य टिकट पर यात्रा करने पहुंचे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
आनंद विहार से दानापुर के बीच चलने वाली जनसाधारण एक्सप्रेस निर्धारित समय से करीब 11 घंटे देर से बुधवार रात के स्थान पर बृहस्पतिवार सुबह गौरीगंज स्टेशन पहुंची। दिल्ली से वाराणसी के बीच प्रतिदिन चलने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस से जायस, गौरीगंज और अमेठी स्टेशनों से बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं।
बुधवार रात वाराणसी जाने की योजना बनाकर स्टेशन पहुंचे श्रद्धालुओं को ट्रेन निरस्त होने की सूचना मिली तो वे मायूस हो गए। कुछ यात्रियों ने यात्रा स्थगित कर दी, जबकि कुछ अन्य ट्रेनों से रवाना हुए।
वाराणसी से चलकर गौरीगंज होते हुए लखनऊ, मुरादाबाद, बरेली, हरिद्वार और देहरादून जाने वाली जनता एक्सप्रेस भी बृहस्पतिवार को नहीं चली। गौरीगंज से यात्रा करने पहुंचे यात्री राजू ने बताया कि स्टेशन आने पर ट्रेन निरस्त होने की जानकारी मिली।
ऋषिकेश से प्रयागराज जाने वाली योगनगरी एक्सप्रेस भी लगभग तीन घंटे विलंब से संचालित हुई। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस और जनता एक्सप्रेस निरस्त होने की सूचना पूर्व में प्रसारित की गई थी।