गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते यात्री। -संवाद
अमेठी सिटी। ट्रेनों की लगातार हो रही लेटलतीफी से यात्रियों की परेशानी बढ़ती जा रही है। आनंद विहार से दानापुर के बीच चलने वाली जनसाधारण एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय बृहस्पतिवार रात 11:56 बजे के बजाय शुक्रवार को 11:06 बजे गौरीगंज रेलवे स्टेशन पहुंची। रातभर प्लेटफार्म पर ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों में नाराजगी देखी गई।
यात्री अर्जुन कुमार ने बताया कि पूरी रात बिना किसी जानकारी के प्लेटफार्म पर बैठना पड़ा। वाराणसी जा रहे विनय ने कहा कि एक घंटे के सफर के लिए 11 घंटे इंतजार करना पड़ा, जिससे अन्य कार्य प्रभावित हुए। इसके अलावा हावड़ा से अमृतसर को जाने वाली पंजाब मेल भी एक घंटे देरी से स्टेशन पहुंची।
शुक्रवार को पद्मावत एक्सप्रेस, जनता एक्सप्रेस, अर्चना एक्सप्रेस, मरुधर एक्सप्रेस, योगनगरी एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें औसतन 50 मिनट से एक घंटे की देरी से स्टेशन पर आईं। गौरीगंज स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि तकनीकी कारणों और रेल मार्ग की व्यस्तता के चलते ट्रेनों के संचालन में देरी हो रही है। यात्रियों को समय-समय पर उपलब्ध माध्यमों से सूचित किया जा रहा है।