सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर।
अमेठी सिटी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले की सभी सीएचसी पर जन औषधि केंद्र संचालित कराए जाने की कवायद शुरू की गई है। इसके संचालन से जहां मरीजों को सस्ती दरों पर दवा मिल सकेगी, वहीं, मरीज निजी मेडिकल स्टोर संचालकों के शोषण से बच सकेंगे। अब तक जिले की 10 सीएचसी पर जन औषधि केंद्र नहीं खुल सकें हैं।
अब तक जिले में जिला मुख्यालय स्थित संयुक्त जिला अस्पताल गौरीगंज तो 13 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के सापेक्ष सीएचसी अमेठी, तिलोई और फुरसतगंज परिसर में ही जन औषधि केंद्र संचालित हैं। जिसका लाभ मरीजों को मिल रहा है। विभाग की ओर से अब शेष सभी 10 सीएचसी पर भी सस्ती दवाएं उपलब्ध कराने को लेकर जन औषधि केंद्र खोलने की कवायद शुरू कर दी गई है।
इनके शुरू होने के बाद अस्पताल में जो दवाएं नहीं मिलतीं हैं, उसे बाहर से लेना पड़ता है। इसके लिए अब लोगों को भटकना नहीं पड़ेगा, बल्कि अस्पताल परिसर में खुले केंद्र पर ही वह दवा सस्ती दर पर मिल सकेगी। सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि शेष सभी 10 सीएचसी पर जनऔषधि केंद्र खोलने की कवायद की जा रही है। शासन की ओर से नामित संस्था सभी प्रक्रिया पूर्ण कर रही है।
600 जेनरिक दवाएं व सर्जिकल सामान रहते हैं उपलब्ध
जन औषधि केंद्रों पर करीब 600 तरह की जेनरिक दवाइयों के साथ ही सर्जिकल सामान भी उपलब्ध रहते हैं, जो कि निजी मेडिकल स्टोरों पर मिलने वाली दवाइयों व सामानों से सस्ते होते हैं। सरकारी आपूर्ति में दवाओं की कमी होने पर मरीजों को इन केंद्रों से सस्ती दर पर दवा सुगमता से मिल सकेगी।