अमेठी सिटी। जिले के ग्राम पंचायत जमालपुर रामपुर व ओदारी को आईएसओ अंतरराष्ट्रीय मानीकीकरण संगठन प्रमाण पत्र मिल चुका है। जबकि चार अन्य गांवों को भी सर्टिफाइड करने की तैयारी चल रही है।
आइएसओ प्रमाणन के तहत जिले के बहादुरपुर ब्लॉक के दो गांवों जमालपुर रामपुर व ओदारी का चयन सबसे पहले किया गया है। पंचायतीराज विभाग के जिला कार्यक्रम प्रबंधक सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि ई-गवर्नेंस के तहत नागरिकों को विभिन्न सेवाओं की इलेक्ट्रॉनिक डिलीवरी का कार्य किया जा रहा है। इन सेवाओं को एक आदर्श पहचान मिलेगी। मुख्य रूप से पंचायतों की प्रक्रिया संचालन, कार्यप्रणाली, कर्मचारियों का व्यवहार, जन शिकायतों का निस्तारण आदि की जांच के बाद संस्था की ओर से प्रमाण पत्र जारी किया गया है।
बहादुरपुर ब्लॉक के एडीओ पंचायत अनिल सिंह ने बताया कि जमालपुर रामपुर व ओदारी गांव को आईएसओ प्रमाण पत्र मिल गया है। नगदैयापुर, ब्रह्मनी, बहादुरपुर व सरायमहेशा में भी टीम ने सत्यापन कार्य किया है। उम्मीद है कि इन चारों गांवों को भी आइएसओ प्रमाणन मिल जाएगा। जिसमें जनसेवा केंद्र, पंचायत भवन की मूलभूत सुविधाएं, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, ग्राम पंचायत में कूड़ा प्रबंधन की व्यवस्था आदि पर जोर दे रहे हैं।
जिले में अच्छा कार्य कर रही ग्राम पंचायतों को आईएसओ प्रमाणित कराया जा रहा है। जिससे अन्य ग्राम पंचायतें भी इनसे सीख लेकर अपने आप को बेहतर बना सकें। इसके लिए छह ग्राम पंचायतों के लिए सत्यापन हो रहा है।
-मनोज कुमार त्यागी, डीपीआरओ, अमेठी।