शाहगढ़। छह से 10 जुलाई तक आयोजित होने वाली आईटीआई की प्रयोगात्मक परीक्षा को लेकर शनिवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान गौरीगंज में सरकारी और निजी संस्थानों के प्रधानाचार्यों की बैठक हुई। इसमें परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
नोडल प्रधानाचार्य महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि 12 ट्रेड के 3276 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा प्रतिदिन सुबह 9:30 से शाम छह बजे तक होगी। उन्होंने बताया कि परीक्षा की निगरानी के लिए उड़नदस्ता, सेक्टर मजिस्ट्रेट और पर्यवेक्षक तैनात रहेंगे। एक वर्षीय ट्रेड कोपा, कॉस्मेटोलॉजी, फैशन डिजाइन एंड टेक्नोलॉजी तथा वेल्डर की प्रयोगात्मक परीक्षा छह से आठ जुलाई तक होगी।
वहीं दो वर्षीय ट्रेड इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, आरएसी, ड्राॅफ्ट्समैन सिविल, इलेक्ट्रीशियन, टेक्नीशियन पावर इलेक्ट्रॉनिक्स, फिटर, टर्नर और मैकेनिक मोटर व्हीकल की परीक्षा नौ और 10 जुलाई को होगी। बैठक में परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया गया। सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।