अमेठी सिटी। भादर ब्लॉक के नेवढ़िया गांव में राशन वितरण में अनियमितता और गोदाम से राशन गायब किए जाने की पुष्टि के बाद कोटेदार लक्ष्मी सिंह के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। राशन वितरण में लापरवाही की शिकायत पर जांच कराई गई, जिसके बाद ये कार्रवाई की गई।
जिला पूर्ति अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि नेवढ़िया गांव की उचित दर दुकान को लेकर दो शिकायतें आई थीं। लाभार्थियों ने आरोप लगाया था कि उन्हें एक माह का राशन नहीं दिया गया। इस पर पूर्ति लिपिक अनिल कुमार व पूर्ति निरीक्षक सुषमा सिंह को जांच के लिए भेजा गया था। 28 जुलाई को हुई जांच में दुकान खुली मिली और कोटेदार लक्ष्मी सिंह मौके पर मौजूद थीं। जांच के दौरान ई पॉश मशीन बंद मिली, जबकि रिकॉर्ड के मिलान में गड़बड़ी सामने आई।
गोदाम में चावल 53.147 क्विंटल और गेहूं 11.467 क्विंटल कम पाया गया। कुल 64.614 क्विंटल राशन के अभाव को गंभीर अनियमितता मानते हुए तत्काल रिपोर्ट तैयार की गई। बयान में कई लाभार्थियों ने स्पष्ट किया कि उन्हें नियमित रूप से राशन नहीं मिलता है।
वहीं कोटेदार ने भी स्वीकार किया कि गोदाम के बाहर कहीं और राशन नहीं रखा गया है। मौके पर जो राशन मिला, उसे जब्त कर लिया गया और वितरण की जिम्मेदारी गाजीपुर गांव के कोटेदार राजेंद्र कुमार को सौंपी गई। पीपरपुर थाना प्रभारी रामराज कुशवाहा ने बताया कि पूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर लक्ष्मी सिंह के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।