अमेठी सिटी। होली पर मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान बृहस्पतिवार को चौथे दिन बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। विभाग की जांच टीम ने बाजार में बिक रहे 30 किलोग्राम रसगुल्ले नष्ट करा दिए। सैंपल एकत्र कर उसे जांच के लिए भी भेजा है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को सीएमओ कार्यालय के सामने मिठाई की दुकान से गुझिया, काजीपट्टी से छेना मिठाई व बहादुरपुर से मिल्क केक का नमूना एकत्र किया है। खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त राजेश द्विवेदी ने बताया कि बन्ना टीकर में एक दुकान पर निरीक्षण के दौरान बिक रहा रसगुल्ला असुरक्षित प्रतीत हुआ। सामान्य जांच के बाद उसे मौके पर नष्ट कराया गया।
बस में मिली मिठाई तो चालक-परिचालक बनेंगे पार्टी
खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से बसों में भी निरीक्षण कार्य किया गया। सहायक आयुक्त राजेश द्विवेदी ने बताया कि यदि बस में मिठाई का परिवहन किया गया तो संबंधित चालक व परिचालक को पार्टी बनाकर केस पंजीकृत किया जाएगा। मुख्य खाद्य सुरक्षा आयुक्त निर्भय नारायण सिन्हा ने बताया कि बसों के निरीक्षण का कार्य जारी है।