अमेठी सिटी। माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए अब कंप्यूटर और डिजिटल तकनीक की पढ़ाई शुरू हो गई है। राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (नाइलिट) के साथ करार के बाद राजकीय विद्यालयों में कंप्यूटर व इलेक्ट्रॉनिक्स पाठ्यक्रम लागू किया गया है। कक्षा नौ से 12 तक अलग-अलग मॉड्यूल तैयार किए गए हैं, जिनसे छात्र आधुनिक तकनीकी ज्ञान हासिल करेंगे। इंटरमीडिएट के बाद विद्यार्थियों को ओ-लेवल प्रमाणपत्र भी मिलेगा।
जिले में 37 राजकीय हाईस्कूल व इंटर कॉलेज और 25 सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं। पहले चरण में राजकीय इंटर कॉलेजों में कक्षाएं शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। इस सत्र से सभी राजकीय विद्यालयों में पाठ्यक्रम लागू होगा। करीब 8500 विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है। पाठ्यक्रम के तहत कक्षा नौ में आईटी टूल्स और नेटवर्क की मूल जानकारी दी जाएगी।
कक्षा 10 में वेब डिजाइनिंग और पब्लिशिंग पढ़ाई जाएगी। कक्षा 11 में पाइथन प्रोग्रामिंग और समस्या समाधान पर फोकस रहेगा, जबकि कक्षा 12 में इंटरनेट ऑफ थिंग्स से जुड़े विषय शामिल किए गए हैं। प्रत्येक मॉड्यूल 120 घंटे का निर्धारित है, जिसमें सैद्धांतिक और प्रायोगिक दोनों तरह का प्रशिक्षण शामिल है। चारों मॉड्यूल पूरा करने पर विद्यार्थियों को ओ-लेवल प्रमाणपत्र मिलेगा, जिससे उन्हें तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। नाइलिट संस्था इस पाठ्यक्रम के संचालन की जिम्मेदारी निभाएगी और विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान उपलब्ध कराएगी।
डीआईओएस डॉ. राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि इस पहल से विद्यार्थियों की तकनीकी समझ मजबूत होगी। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और उच्च शिक्षा में भी सहूलियत मिलेगी।