अमेठी। पिंडोरिया के महाराजपुर गांव में मंगलवार को इंटर की छात्रा ललिता यादव (17) संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के अंदर फंदे से लटकी मिली। जब तक परिजन उसे नीचे उतारते, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। छात्रा की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
महाराजपुर निवासी महेंद्र यादव की बेटी ललिता गांव के राजकीय इंटर कॉलेज पिंडोरिया में कक्षा 12 की छात्रा थी। दोपहर को काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने आवाज लगाई, लेकिन भीतर से कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका पर खिड़की की ईंटें हटाकर अंदर देखा तो ललिता फंदे से लटकी मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस की मौजूदगी में जब तक उसे नीचे उतारा गया, तब तक उसकी मौत हो गई। ललिता की मौत के बाद बहन सरिता बिलख रही है। भाई कृष्णा और किशन का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता महेंद्र यादव गमगीन हैं। प्रभारी निरीक्षक श्रीराम पांडेय ने बताया कि घटनास्थल से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। सुसाइड नोट में लिखे तथ्यों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।