अमेठी सिटी। लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक के यात्रियों की परेशानी कम नहीं हो रही है। वाराणसी से चलकर गौरीगंज होते हुए लखनऊ तक जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस सोमवार को रायबरेली तक संचालित हुई। ऐसे में दैनिक यात्रियों को परेशानी हुई। इसके अतिरिक्त अर्चना एक्सप्रेस निरस्त रही तो जनसाधारण एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों का परिचालन देरी से हुआ।
लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक पर संचालित वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस से बड़ी संख्या में दैनिक यात्री संग अन्य लोग लखनऊ की यात्रा करते हैं। सोमवार को इंटरसिटी एक्सप्रेस का संचालन सिर्फ रायबरेली तक हुआ। ऐसे में दैनिक यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। जम्मूतवी-राजेंद्रनगर अर्चना एक्सप्रेस निरस्त रही। इतना ही नहीं हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल डेढ़ घंटे तो वाराणसी-देहरादून जनता एक्सप्रेस के दो घंटे देरी से गौरीगंज आने से लखनऊ व अन्य स्टेशन के यात्री परेशान रहे।
आनंदविहार-मालदा टाउन एक्सप्रेस दो घंटे, दिल्ली-प्रतागपगढ़ पद्मावत एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल एक घंटे देरी से गौरीगंज आई। इसके अतिरिक्त अन्य ट्रेनें भी देरी से संचालित हुईं। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि लखनऊ रेलवे स्टेशन पर मरम्मत कार्य चलने के कारण इंटरसिटी का संचालन रायबरेली तक हुआ। अन्य ट्रेनें अपरिहार्य कारण से देरी से संचालित हुईं।