अमेठी सिटी। जिले में संचालित इंटर कॉलेजों में पढ़ाई के साथ-साथ खेल में भी विद्यार्थियों को दक्ष किया जाएगा। एक विद्यालय एक खेल योजना के तहत विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारना होना। ब्लॉक और जिला स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में अनिवार्य तौर पर सहभागिता करनी होगी।
माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से जिले में संचालित 36 राजकीय, 25 सहायता प्राप्त इंटर कॉलेज व 180 वित्त विहीन इंटर कॉलेज में अब पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों को उनकी रुचि वाले खेल में दक्ष किया जाएगा। विद्यालय में बच्चों को शिक्षा के साथ ही खेल में प्रतिभाग कराने का नियम है लेकिन विद्यालयों में खेल की गतिविधियां नाममात्र की होती हैं।
अब जिले में एक विद्यालय एक खेल की कवायद शुरू की गई है। प्रत्येक विद्यालय एक खेल प्रतियोगिता आयोजित कराएगा। बच्चों को उसी खेल का नियमित अभ्यास कराया जाएगा जिससे बच्चा एक खेल में अच्छी से तरह से पारंगत हो और किसी भी प्रतियोगिता में जीत दर्ज कर सके।
इसके लिए जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से विद्यालय के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया गया है। कॉलेजों को कबड्डी, खो-खो, ऊंची कूद, लंबी कूद व दौड़ में से एक-एक खेल का चयन कर विद्यार्थियों को तैयार करने के लिए नियमित अभ्यास कराने को कहा गया है।
विद्यार्थियों में छिपी प्रतिभा को मिलेगा प्लेटफॉर्म
एक विद्यालय एक खेल योजना के तहत कॉलेजों को खेल की विधा का चयन कर विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास कराने का निर्देश दिया गया है। इससे बच्चों का शैक्षिक के साथ शारीरिक विकास भी होगा। उनके अंदर छिपी प्रतिभा को प्लेटफॉर्म मिलने से भविष्य में सफलता अर्जित करने में सहूलियत होगी।
-रीता सिंह, डीआईओएस