गौरीगंज (अमेठी)। ग्रामीण क्षेत्र में छिपी खेल जगत की प्रतिभा को उभराने के लिए खेल मैदान में सुविधाओं की व्यवस्था कर आय बढ़ाने के लिए डीएम ने खेल समिति के सदस्यों के साथ बैठक की। बैठक में गंाव, ब्लॉक व जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित करने तथा प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर प्रोत्साहित करने का निर्देश दिया। डीएम ने जिले में संचालित कंपनियों के सहयोग से खेल प्रतियोगिता करने को कहा।
खेलकूद प्रतियोगिता के माध्यम से राजस्व कोष बढ़ाने के साथ छिपी प्रतिभा को उजागर करने के लिए डीएम अरुण कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार देर शाम जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति सदस्यों के साथ बैठक की। बैठक में समिति के राजस्व कोष में वृद्धि के साथ खेल मैदान में उचित प्रकाश, पेयजल व सौंदर्यीकरण की तैयारियों पर विचार-विमर्श हुआ। बैठक के बाद डीएम ने जिला क्रीड़ाधिकारी को खेल प्रतियोगिता के लिए आवश्यक उपकरण की व्यवस्था करते हुए लोगों में खेल के प्रति रूचि जागरुक करने को कहा।
डीएम ने समिति के सदस्यों को विभिन्न श्रोतों से आय बढ़ाने के साथ जिले में संचालित एसीसी, इंडोगल्फ, एचएएल के सहयोग से डॉ. भीमराम अंबेडकर स्टेडियम में प्रतियोगिता करवाने के साथ ग्राम व ब्लॉक स्तर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिता कर खिलाड़ियों की पहचान व प्रोत्साहित करने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को पुरस्कृत करते हुए बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तर पर प्रतिभाग कराने को कहा।
डीएम ने खेल प्रतियोगिता करने तथा राजस्व श्रोत को बढ़ाने में लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। इस मौके पर सीडीओ डॉ. अंकुर लाठर, अमेठी विधायक प्रतिनिधि अंनत विक्रम सिंह, एडीएम वंदिता श्रीवास्तव, जिला क्रीडाधिकारी व समिति के सभी सदस्य मौजूद रहे।