अमेठी। जिले में बनाए गए 53 केंद्रों पर एक अप्रैल से खरीद शुरू की गई थी। बावजूद इसके आज तक किसी भी केंद्र पर बोहनी नहीं हुई। क्रय केंद्र बंद रहने तथा सुविधाओं की कमी की शिकायत को देखते हुए डीएम अरुण कुमार के निर्देश पर बुधवार को अफसरों ने क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक कांटा, छन्ना, पेयजल, प्रसाधन व बोरों के साथ टोकन सिस्टम जारी करने की व्यवस्था परखी। केंद्रों पर सुविधा की कमी मिलने पर प्रभारियों को फटकार लगाते हुए व्यवस्थाएं दुरुस्त करने तथा किसानों से संपर्क कर खरीद शुरू करने का निर्देश दिया। अफसरों ने कोविड संक्रमण से बचाव के लिए किसानों को टोकन सिस्टम से बुलाते हुए पारदर्शी तरीके से खरीद करने का निर्देश दिया। डिप्टी आरएमओ भीमाचंद्र गौतम ने बताया कि रिपोर्ट मिलने के बाद क्रय केंद्रों पर सुविधाओं की कमी वाले केंद्र प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।