जगदीशपुर (अमेठी)। औद्योगिक क्षेत्र में चले रहे विकास कार्यों की धीमी पर बीते दिनों यूपीसीडा के सीईओ मयूर माहेश्वरी ने निरीक्षण कर कार्रवाई की बात कही थी। सीईओ की फटकार के बाद अब 1.12 करोड़ की लागत से चल रहे कार्यों में तेजी आई है। जल्द ही काम पूरा होने के बाद लोगों को सहूलियत मिलेगी।
निरीक्षण के बाद सीईओ कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जाहिर करते हुए अफसरों को मानक के अनुरूप काम पूरा कराने का निर्देश दिया था। उन्होंने मानक विहीन काम होने व समय से पूरा नहीं होने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही थी।
सीईओ के निर्देश के बाद मंगलवार को यूपीसीडा लखनऊ सिविल के वरिष्ठ प्रबंधक राजीव कुमार, प्रबंधक राजकमल और अयोध्या के क्षेत्रीय प्रबंधक केएन श्रीवास्तव ने औद्योगिक क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। अफसरों ने कार्यदायी संस्था को कार्यों में तेजी लाने और मानक के अनुसार काम पूरा कराने का निर्देश दिया।
वरिष्ठ प्रबंधक ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र जगदीशपुर में 774 लाख की लागत सड़क संख्या 1, 3, 4, 6 व 9 और औद्योगिक क्षेत्र उतेलवा में 112 लाख की लागत से इंटरलॉकिंग तथा आवासीय कालोनी में 237 लाख की लागत से सड़क व इंटरलॉकिंग नवीनीकरण का कार्य चल रहा है। कहा कि स्वीकृत सभी कार्यों को नियत समय पर मानक के अनुरूप पूरा कराने के लिए नियमित निगरानी की जा रही है। कार्य पूरा होने के बाद औद्योगिक क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।