अमेठी सिटी। जायस के शेखाना मोहल्ला निवासी सुरेश कुमार (45) की सोमवार को जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। वह रविवार रात घर के सामने करीब पांच फीट ऊंचे चबूतरे से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरकर घायल हो गए थे। मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
सुरेश के भाई हरिश्चंद्र ने बताया कि रविवार रात भोजन करने के बाद सुरेश घर के सामने बने चबूतरे पर सोने गए थे। इसी दौरान वह संदिग्ध परिस्थितियों में चबूतरे से नीचे गिरकर घायल हो गए। जानकारी होने पर परिजन उन्हें पीएचसी जायस ले गए। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां उपचार के दौरान सोमवार को उनकी मौत हो गई।
अस्पताल से मिली सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इंस्पेक्टर रवि सिंह ने बताया कि परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। अस्पताल की सूचना पर आवश्यक कार्रवाई की गई है। सुरेश की मौत से मां संपता का रो-रोकर बुरा हाल है। भाई हरिश्चंद्र भी गमगीन हैं। रिश्तेदार और परिचित परिजनों को सांत्वना देने में जुटे रहे।