अमेठी। क्षेत्र स्थित इंडोरामा परिसर में शनिवार को जनपद स्तरीय निवेश मंथन शिविर लगाया गया। शिविर में डीएम ने एमओयू हस्ताक्षर करने वाले एक-एक निवेशकों से वन टू वन बात कर समस्या जानी। इसके बाद समस्या के त्वरित निस्तारण का निर्देश दिया।
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के दौरान 170 उद्यमियों ने 4996.8 करोड़ रुपये के निवेश से जिले में उद्योग स्थापित करने के लिए एमओयू हस्ताक्षर किया है। प्राप्त प्रस्तावों को धरातल पर उतारने में आ रही समस्या को दूर करने के लिए डीएम राकेश कुमार मिश्र ने निवेशकों से बात की। चर्चा के दौरान यूपीसीडा में जमीन आवंटन में हो रही समस्या का मुद्दा उठाया।
बिजली कनेक्शन व्यवस्था पर भी सवाल उठे। निवेशकों ने कहा कि उद्योग लगाने के लिए जमीन की आवश्यकता सबसे पहले होती है। लेकिन यूपीसीडा में जमीन आवंटन प्रक्रिया जटिल है। इससे उद्योग स्थापित करने में समस्या हो रही है। निवेशकों ने ऋण संबंधी समस्या से डीएम को अवगत कराया।
डीएम ने कहा कि अधिकारियों को उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता पर निस्तारण करने का निर्देश दिया। निवेशकों से कहा कि उद्योग स्थापना की दृष्टि से जिले का वातावरण बहुत अच्छा है। जिले में परिवहन की व्यवस्था व सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम है।
उद्यमियों को अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करने, भूखंड आवंटन के लिए निवेश मित्र पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने को कहा। इस मौके पर सीडीओ सान्या छाबड़ा, उपायुक्त उद्योग राजीव पाठक, डीडीओ तेजभान समेत सभी विभागों के अफसर मौजूद रहे।