अमेठी सिटी। कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार की शाम जिला उद्योग बंधु, श्रम बंधु, व्यापार बंधु, औद्योगिक, व्यापारिक सुरक्षा फोरम व एमओयू क्रियान्वयन समिति की बैठक हुई। इस दौरान उद्यमियों ने डीएम के समक्ष सुरक्षा व्यवस्था व औद्योगिक क्षेत्र जगदीशपुर में अवैध कब्जे का मुद्दा उठाया। अवैध कब्जे को खाली कराने की मांग की गई। इसके साथ ही औद्योगिक क्षेत्र त्रिशुंडी में पार्किंग व्यवस्था, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से अनापत्ति प्राप्त कराए जाने, गोमती प्लास्टिक के प्रकरण, गौरीशंकर डेयरी के विद्युत कनेक्शन और औद्योगिक क्षेत्र उतेलवा में आवंटित भूखंडों पर कब्जा दिलाए जाने के प्रकरण पर भी चर्चा की गई।
निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। डीएम निशा अनंत ने कहा कि उद्योग स्थापना में यदि किसी भी उद्यमी को किसी भी विभाग से कठिनाई आ रही हो तो समिति को अवगत कराएं, उसका प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कराया जाएगा। डीएम ने उपस्थित उद्यमियों व व्यापारियों को श्रम विभाग में शत-प्रतिशत पंजीकरण कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर सीडीओ सूरज पटेल, एडीएम वित्त व राजस्व अर्पित गुप्ता, उद्योग उपायुक्त दिनेश कुमार चौरसिया, खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी महेंद्र मिश्र आदि मौजूद रहे।