टिकरिया। गौरीगंज तहसील परिसर में रविवार को सोंगरा क्षेत्र में तैनात लेखपाल से अभद्रता और धमकी का मामला सामने आया है। लेखपाल अंकिता गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अंकिता गुप्ता के अनुसार रविवार शाम सोंगरा गांव निवासी मनीष तिवारी उर्फ प्रभात चंद्र तिवारी, सुशील तिवारी, संदीप तिवारी सहित छह–सात अज्ञात लोग तहसील परिसर पहुंचे। आरोप है कि सभी ग्रामसभा से जुड़े प्रार्थना पत्र में भूमि पैमाइस कराने का दबाव बना रहे थे। लेखपाल ने पैमाइस अगले दिन कराने की बात कही। इस पर आरोपी नाराज हो गए। आरोप है कि सभी गाली-गलौज करने लगे और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। शोर सुनकर पास में मौजूद लेखपाल राकेश गुप्ता मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव का प्रयास किया। इसी दौरान घटनाक्रम का वीडियो बनाया गया तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से निकल गए। पीड़िता ने वीडियो साक्ष्य उपलब्ध होने की बात भी कही है।
इंस्पेक्टर श्याम नारायण पांडेय ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।