फुरसतगंज (अमेठी)। पुलिस के साथ शुक्रवार की रात मेडिकल कराने फुरसतगंज सीएचसी पहुंचे मारपीट के घायल युवकों पर विपक्षियों ने दोबारा धावा बोल दिया। हमलावरों ने वाहनों को क्षतिग्रस्त करते हुए फायरिंग भी की। हमले के दौरान सीएचसी में भगदड़ मच गई। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चार नामजद व 20 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपियाें की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बच्चों के विवाद में 15 अगस्त को ब्रह्मनी गांव निवासी अभिषेक सिंह उर्फ ओम सिंह और उनके मित्र रुद प्रताप की भदैंया महमूदपुर के सलमान ने कुछ लोगों के साथ मिलकर पिटाई कर दी थी। शुक्रवार को केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने देरशाम घायलों को होमगार्ड शिवानंद पांडेय के साथ मेडिकल कराने के लिए सीएचसी फुरसतगंज भेजा।
होमगार्ड अभिषेक सिंह उर्फ ओम सिंह व उनके मित्र रुद प्रताप को लेकर सीएचसी पहुंचा और मेडिकल करवा रहा था। तभी हमलावरों ने वहां धावा बोल दिया। हमलावरों ने पीड़ितों के वाहनों में तोड़-फोड़ शुरू कर दी। शोर सुनकर घायल बाहर निकले तो फायरिंग भी की। हालांकि, इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ। फायरिंग के बाद सीएचसी में भगदड़ मच गई। किसी ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस को आते देखकर हमलावर मौके से भाग निकले।
पुलिस की मौजूदगी में घायलों की पिटाई, वाहन क्षतिग्रस्त करने व फायरिंग का मामला सार्वजनिक हुआ तो पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। एएसपी हरेंद्र प्रताप, सीओ डाॅ. अजय सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए।
पुलिस सीएचसी परिसर व आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से हमलावरों की पहचान करने के बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। सुरक्षा के मद्देनजर सीएचसी में एक प्लाटून पीएसी तैनात की गई है। पीड़ित अभिषेक सिंह उर्फ ओम सिंह की तहरीर पर पुलिस ने ब्रह्मनी गांव निवासी उबैद, अहद, साहिल और पैठाना मजरे खैरहना निवासी हितेंद्र प्रताप सिंह सहित 20 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
आरोपियों की तलाश की जा रही
सीओ डॉ. अजय सिंह ने बताया की अभिषेक सिंह की तहरीर पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के सामने हुआ बवाल, बना चर्चा का विषय वारदात के समय पुलिस मौके पर मौजूद थी। पुलिस के सामने दबंगोंं ने गाड़ी में तोड़फोड़ की और फायरिंग भी की। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें उपद्रवी पैदल और बाइक से भागते नजर आ रहे हैं। पुलिस की मौजूदगी में हुआ बवाल लोगों के बीच चर्चा का विषय बना है।