बाजारशुुकुल (अमेठी)। सरकारी योजना का लाभ दिलाने के बहाने तीन ठगों ने एक एजेंसी संचालक के साथ मिलकर आधार कार्ड व अन्य अभिलेख लेकर बाइक का लोन करा दिया। पीड़ितों के घर रिकवरी नोटिस आई तो उनके होश उड़ गए। पीड़ितों ने थाने पहुंचे मामले की शिकायत की। पुलिस केस दर्ज करने के बजाए मामले में समझौता कराने में जुट गई है।
इधर, पीड़ितों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बाजारशुकुल थानाक्षेत्र के उरेरमऊ गांव निवासी अभिराम, शिवानी, पूरे पतुरिया मौजा बहारपुर निवासी रामराज, सोइना उर्मिला व शिवानी समेत कई ग्रामीणों ने बुधवार को थाने पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। कहा कि थानाक्षेत्र का पूरे गनेशी, इक्कताजपुर और उरेरमऊ गांव के रहने वाले तीन लोगों ने एक एजेंसी संचालक के साथ मिलकर कई के ग्रामीणों के आधार कॉर्ड और पैन कार्ड, बैंक पासबुक की छाया प्रति ले ली। कहा कि सरकार की एक योजना चलाई जा रही है, जिसमे पैसे मिलेंगे और देना भी नहीं पड़ेगा।
इतना ही नहीं, जालसाजों ने ग्रामीणों से सादे पेपर पर दस्तख्त भी करवा लिए। ग्रामीण जालसाजों के झांसे में आ आए और अपना आधार कार्ड और पैन कार्ड की छाया प्रति उन्हें दे दी। जालसाजों ने इन सभी ग्रामीणों के कागजात पर बाइक फाइनेंस करवा दी। कई दिनों बाद जब लोन रिकवरी एजेंट लोन की वसूली करने ग्रामीणों के पास पहुंचा तो जानकारी हुई।
इसके बाद ग्रामीणों ने थाने पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। दो पीड़ितों ने तहरीर भी दी लेकिन, पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई करना उचित नहीं समझा। पीड़ितों का आरोप है कि जालसाज ने करीब 90 लोगों से ठगी की है। एसएचओ तरुण कुमार पटेल ने बताया मामला संज्ञान में आया है। जांच की जा रही है। जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।