अमेठी सिटी। लंबे समय और कभी नहीं बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं के लिए शुरू की गई बिजली बिल राहत योजना का पहला चरण शनिवार को समाप्त हुआ। इसमें 42,044 उपभोक्ताओं ने छूट का लाभ लेते हुए 39.32 करोड़ रुपये का राजस्व जमा किया। पहले चरण में 100 फीसदी ब्याज और 25 फीसदी मूलधन में छूट दी गई। इस योजना में जिले के चारों वितरण खंड में कुल 90,483 उपभोक्ताओं का 230.68 करोड़ रुपये बकाया था। रविवार से शुरू हुए दूसरे चरण में आयोजित शिविर में 100 फीसदी ब्याज के साथ 20 फीसदी मूलधन में छूट प्रदान की गई।
जिले के अमेठी, गौरीगंज, जगदीशपुर और तिलोई वितरण खंड में बिजली बिल राहत योजना के तहत 90,483 उपभोक्ताओं को शामिल किया गया है। जिसमें लंबे समय से बिल नहीं जमा करने वाले 55,921 तो कभी नहीं बिल जमा करने वाले 34,562 उपभोक्ता रहे। एक दिसंबर से तीन चरणों में योजना लागू हुई। एक दिसंबर से तीन जनवरी तक पहले चरण में शिविर लगाकर 42,044 उपभोक्ताओं का पंजीकरण किया गया। इस दौरान शत-प्रतिशत ब्याज और मूलधन पर 25 फीसदी की छूट प्रदान करते हुए 39.32 करोड़ रुपये जमा कराए गए। इसके बावजूद 48,439 उपभोक्ता योजना का लाभ उठाने से वंचित रह गए।
दूसरे चरण में 31 जनवरी तक ब्याज माफी संग 20 फीसदी मूलधन पर छूट मिलेगी। रविवार को जिले के सभी विद्युत उपकेंद्र के गांव में शिविर लगाकर कर्मियों ने पात्र उपभोक्ताओं को छूट प्रदान करते हुए राजस्व जमा कराया। गौरीगंज में एसडीओ विश्वजीत, जेई अमृतलाल शिविर में मौजूद रहकर उपभोक्ताओं की समस्याओं को सुनकर निस्तारण का आश्वासन दिया। अधीक्षण अभियंता अरुण कुमार सिंह ने गौरीगंज में आयोजित शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि इसी तरह तीसरे चरण में पंजीकरण कराने वाले उपभोक्ताओं का ब्याज तो माफ होगा, लेकिन मूलधन में 15 फीसदी की छूट मिलेगी।